
-डॉ. अशोक प्रियरंजन
भौतिक सुख
पाने का माध्यम
होता है शरीर ।
नहीं फूटती इसमें
शाश्वत और अनंत
नेह की कालजयी कोंपल ।
जन्म जन्म तक जलने वाली
प्रेम की अमर ज्योति
जन्म लेती है आत्मा से ।
शरीर बंधा रहता है जाति
उम्र और सौंदर्य के
खोखले बंधन में ।
जकड़ा रहता है
रूप रंग के मोहपाश में
आजीवन ।
आकर्षण को समझ बैठता है प्रेम
भटकता रहता है उम्रभर
नश्वर संसार में ।
प्रेम जब लेता है आकार
तो सहज ही पहचान लेता है
उस आत्मा को
जिससे होता है उसका
जन्म जन्म का रिश्ता ।
रुप, रंग, जाति और आयु
हो जाती है अर्थहीन
इनके मिलन में ।
प्रेमभरी आत्माएं मिलती हैं
तो शरीर हो जाता है गौण
देवता करते हैं पुष्प वर्षा ।
(फोटो गूगल सर्च से साभार)
